ब्यावर सदर पुलिस व जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई, एक माह में पांचवीं कार्रवाई
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्यावर सदर पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 42.880 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने डोडा पोस्त के परिवहन में प्रयुक्त सफेद रंग की केटा कार RJ 39 CA 8091 को भी जब्त किया है। कार लावारिस हालत में मिली, जबकि पुलिस ने अज्ञात तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह को सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर एचपी पेट्रोल पंप के पास रजवाड़ी रेस्टोरेंट के पीछे कच्चे रास्ते पर एक सफेद रंग की केटा कार लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना पर जिला स्पेशल टीम एवं ब्यावर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट फोल्ड कर डिग्गी एवं सीट के ऊपर काले रंग के तीन कट्टे रखे मिले। कट्टों की जांच करने पर उनमें डोडा पोस्त मिला। तीनों कट्टों का वजन करने पर कुल 42.880 किलोग्राम डोडा पोस्त पाया गया।
पुलिस ने अवैध डोडा पोस्त एवं तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अब कार को मौके पर छोड़कर फरार हुए आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। ब्यावर सदर थाना पुलिस की ओर से एक माह में यह लगातार पांचवीं कार्रवाई बताई गई है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृत्ताधिकारी ब्यावर नरेंद्र पारीक के निकटतम सुपरविजन में की गई।
टीम में थानाधिकारी पुलिस थाना ब्यावर सदर गजराज सिंह, जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह, सउनि रामजस, सउनि जितेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भवानी सिंह, हेड कांस्टेबल देशराज (2117), कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मांगीलाल (544) तथा कांस्टेबल हरेन्द्र (1444) शामिल रहे।
