शाहपुरा नगर निकाय चुनाव में ‘जिला बहाल करो’ मुद्दे को लेकर संघर्ष समिति की भूमिका अहम

शाहपुरा नगर निकाय चुनाव में ‘जिला बहाल करो’ मुद्दे को लेकर संघर्ष समिति की भूमिका अहम

22 अगस्त को भाणा गणेशजी मंदिर परिसर में होगी महत्वपूर्ण बैठक, चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

रिपोर्टर सुरज वर्मा

शाहपुरा, स्मार्ट हलचल। शाहपुरा को पुनः जिले का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर जिला बहाल करो संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। जिला समाप्त किए जाने के बाद पिछले एक वर्ष सात माह से चल रहे आंदोलन को नगर निकाय चुनाव तक नई राजनीतिक दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी को लेकर 22 अगस्त 2026, शनिवार को सुबह 11 बजे भाणा गणेशजी मंदिर परिसर में संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष दुर्गालाल राजोरा करेंगे, जबकि संचालन संयोजक रामप्रसाद जाट करेंगे। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव में जिला बहाल करो संघर्ष समिति की भूमिका को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी तथा सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

चुनाव लड़ेगी या किसी का समर्थन करेगी समिति?

बैठक में मुख्य रूप से इस बात पर मंथन होगा कि संघर्ष समिति नगर निकाय चुनाव में स्वयं चुनावी मैदान में उतरेगी या किसी प्रत्याशी अथवा राजनीतिक दल को समर्थन देगी। इसके साथ ही चुनाव में किन प्रत्याशियों अथवा राजनीतिक दलों का विरोध किया जाएगा और समिति से जुड़े सदस्यों की चुनाव के दौरान क्या भूमिका रहेगी, इस पर भी चर्चा होगी।

नगर निकाय चुनाव को लेकर विशेष कमेटी के गठन पर भी विचार किया जाएगा। यह कमेटी चुनावी परिस्थितियों का आकलन कर समिति की आगामी रणनीति तय करने में भूमिका निभाएगी। बैठक में जिला बहाली के मुद्दे को नगर निकाय चुनाव की राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रखने को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।

सभी समाजों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों से शामिल होने का आह्वान

संघर्ष समिति ने बैठक में सभी समाजों के प्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, समिति सदस्यों तथा आंदोलन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

समिति का कहना है कि सरकार द्वारा अब तक शाहपुरा को पुनः जिले का दर्जा नहीं दिए जाने से आमजन में आक्रोश है। समिति जिला बहाली की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

चुनाव में जिला बहाली का मुद्दा रहेगा प्रमुख

संघर्ष समिति के अनुसार आगामी नगर निकाय चुनाव केवल स्थानीय मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शाहपुरा की जिला बहाली का मुद्दा भी चुनावी चर्चा के केंद्र में रहेगा। 22 अगस्त की बैठक में लिए जाने वाले निर्णय के बाद समिति की चुनावी रणनीति और भूमिका अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

समिति पदाधिकारियों ने सभी वर्गों के लोगों से बैठक शुरू होने से पांच मिनट पूर्व भाणा गणेशजी मंदिर परिसर पहुंचकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।

समिति का नारा

“शाहपुरा जिले के सम्मान में जिला बहाल करो संघर्ष समिति चुनावी मैदान में”

“याचना नहीं, अब रण होगा—जीवन जय या मरण होगा।”

“इंकलाब जिंदाबाद।”

जिला बहाल करो संघर्ष समिति के अध्यक्ष दुर्गालाल राजोरा, संयोजक रामप्रसाद जाट, सह संयोजक सूर्य प्रकाश ओझा एवं महासचिव कमलेश मुण्डेतिया ने बैठक में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की है।