मुझरास टोल पर हाईवे लाइट टूटी, मेंटेनेंस में लीपापोती

नर्सिंगपुरा में पोल पर लटकी मिली स्ट्रीट लाइट, बीच रोड पर बैठे मवेशी – हादसे का इंतजार

 

गुरला:-(बद्री लाल माली) भीलवाड़ा-राजसमंद नेशनल हाईवे पर मुझरास टोल प्लाजा के पास नर्सिंगपुरा में हाईवे की स्ट्रीट लाइटें शो-पीस बनकर रह गई हैं। बुधवार शाम को GPS कैमरे से ली गई तस्वीर में टोल कंपनी की लापरवाही साफ उजागर हो रही है।
फोटो में हाईवे के किनारे लगे पोल पर स्ट्रीट लाइट का बॉक्स टूटकर तारों के सहारे लटक रहा है। जो कभी भी सड़क पर चल रहे वाहन या राहगीर पर गिर सकता है। वहीं हाईवे के बीचों-बीच एक गाय बैठी हुई है, जिससे बाइक सवारों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। शाम होते ही इस पूरे स्ट्रेच पर अंधेरा छा जाता है।
स्थानीय वाहन चालकों ने बताया कि नर्सिंगपुरा से मुझरास टोल से लेकर नरसिंहपुरा तक स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, जिनमें से आधी से ज्यादा बंद पड़ी हैं। टोल कंपनी भीलवाड़ा-राजसमंद टोलवे प्रा. लि. द्वारा रोज लाखों का टोल वसूला जा रहा है, लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ लीपापोती की जा रही है।नियमों के अनुसार हाईवे की कोई भी लाइट खराब होने पर 48 घंटे में ठीक करना अनिवार्य है, लेकिन यहां महीनों से लाइटें बंद हैं। रात के समय अंधेरे के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे भीलवाड़ा और कलेक्टर से मांग की है कि टूटी लाइट को 24 घंटे में बदला जाए, सभी बंद लाइटें चालू की जाएं और हाईवे से मवेशियों को हटाया जाए।