मोटरसाइकिल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार; अंधेरे का फायदा उठाकर दो साथी फरार
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ANTF टीम ने बीगोद थाना क्षेत्र के हरिसिंहजी का खेड़ा में कार्रवाई करते हुए 6 किलो 309 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। टीम ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल जब्त कर मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों और जंगल की ओर भागने में सफल रहे।
ANTF महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन और निर्देशन में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ANTF टीम को सूचना मिली थी कि हरिसिंहजी का खेड़ा गांव में एक स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं और उनके पास मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो एक मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। टीम के पहुंचते ही एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मिला, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों और जंगल की तरफ भाग गए।
इसके बाद टीम ने बीगोद थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने मोटरसाइकिल की पीछे वाली सीट पर रखे पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे की तलाशी ली तो उसमें 6 किलो 309 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर मौके से राजू पुत्र देवकिशन, जाति सुथार, उम्र 27 वर्ष, निवासी पुराने थाने के पास काछोला, थाना काछोला, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में ANTF टीम के साथ पुलिस थाना बीगोद की विशेष भूमिका रही। फरार दोनों आरोपियों की तलाश के साथ मामले में आगे की जांच जारी है।
