सांवलिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सेमला के पास दुर्घटनाग्रस्त, चार रेफर

छह माह की बच्ची बाल-बाल बची, कार में सवार थे पांच लोग
धनराज भंडारी
सुनेल, रविवार।
स्मार्ट हलचल|सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन कर सुनेल क्षेत्र के छोड़ी गांव लौट रहे श्रद्धालुओं की कार रविवार दोपहर करीब 12 बजे सुनेल-पिड़ावा मार्ग पर सेमला गांव के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि कार में सवार करीब छह माह की बच्ची पूरी तरह सुरक्षित रही और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल सुनेल राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद सचिन (25) पुत्र कैलाश राठौर, सीमा (24) पत्नी सचिन राठौर, प्रियंका (28) पत्नी दीपक राठौर तथा राहुल (27) पुत्र बजरंग को बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन छोड़ी गांव तथा दो सुनेल निवासी थे। हादसे के दौरान करीब छह माह की बच्ची भी कार में मौजूद थी। दुर्घटना के बावजूद बच्ची को खरोंच तक नहीं आई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।