निकाय चुनाव में तेली समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग
70 वार्डों में योग्य समाजजनों को टिकट देने की अपील,
महासभा ने लिया योग्य प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा की ओर से भीलवाड़ा में बैठक आयोजित कर तेली समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और चुनावी भूमिका पर मंथन किया गया। बैठक में समाज की ओर से प्रमुख राजनीतिक दलों से निकाय चुनाव में योग्य एवं सक्रिय समाजजनों को पर्याप्त संख्या में टिकट देने की मांग की गई।महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में 9 सितंबर को होने वाले चुनाव में समाज की आबादी, सामाजिक भागीदारी और सक्रियता को देखते हुए राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है। राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे योग्य, शिक्षित, सक्रिय एवं जनसेवा की भावना रखने वाले तेली समाज के कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाने में प्राथमिकता दें।
बैठक में समाज की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के योग्य प्रतिनिधि चुनाव मैदान में उतरते हैं तो उन्हें विजयी बनाने के लिए महासभा अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास करेगी। पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निगम बोर्ड में समाज की प्रभावी भागीदारी होने से समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा।
महासभा के विधि प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू ने कहा कि समाज को योग्य प्रत्याशियों के पक्ष में संगठित होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिनिधि निकाय में पहुंचेंगे तो समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बैठक के बाद महासभा के पदाधिकारियों ने भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल को मांग पत्र सौंपकर निकाय चुनाव में तेली समाज को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा योग्य समाजजनों को टिकट दिलाने की मांग की।
इस दौरान प्रांतीय महासभा के राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष देवराज तेली, विधि प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू, जिलाध्यक्ष कैलाश आसरवा, युवा जिलाध्यक्ष राजकुमार डगवाल, मुकेश कुमार तेली प्रदेश मिडिया प्रभारी प्रहलाद राय तेली ,किसन लाल डगवाल सहित महासभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
