जूस इकाई में गंदगी और फंगस लगे फल मिले, संचालन कराया बंद

 

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर-स्मार्ट हलचल|प्रदेशभर में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने झोटवाड़ा क्षेत्र में एक जूस निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर स्वच्छता कमियां मिलने पर इकाई का संचालन तत्काल बंद करवा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कालवाड़ रोड, कांटा चौराहा स्थित मैसर्स नारायण कैटरर्स/प्रेरणा शर्मा के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान निर्माण क्षेत्र में साफ-सफाई का अभाव, मच्छर व कीड़ों की मौजूदगी मिली। परिसर में फंगस लगे और कीड़ों से खराब हुए फल भी पाए गए, जिनसे जूस तैयार किए जाने की तैयारी थी। निर्माण इकाई में सीलन, नमी और बारिश के पानी की समस्या के साथ फर्श व दीवारों पर गंदगी और फंगस भी मिला।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों एवं पैकेजिंग पर आवश्यक निर्माण और उपयोग अवधि संबंधी जानकारी का उचित अंकन नहीं पाया गया। खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका को देखते हुए विभाग ने गंभीर कमियों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जूस निर्माण इकाई का संचालन बंद कराया। संचालक को स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और आवश्यक मानकों की पूर्ति के बाद ही नियमानुसार संचालन करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से आमजन के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर दुकानदारों को भी साफ-सफाई एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री रखने का संदेश गया है। खराब या दूषित फलों से तैयार खाद्य पदार्थ लोगों के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं, ऐसे में खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग बेहद जरूरी है।