एमडी उपलब्ध कराने वाला नशे का सौदागर लादूराम गिरफ्तार, तकनीकी साक्ष्यों से खुली साजिश की परतें
अनिल कुमार
ब्यावर/जैतारण। स्मार्ट हलचल|करीब 75 लाख रुपये कीमत की एमडी (मेफोड्रोन) ड्रग्स के मामले में जैतारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बेशकीमती जमीन हड़पने के उद्देश्य से एक व्यक्ति को मादक पदार्थ के मामले में झूठे तरीके से फंसाने की साजिश रची गई थी। पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर इस साजिश का खुलासा किया है।
महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि सभरवाल एवं पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया तथा वृत्ताधिकारी जैतारण रमेन्द्रसिंह हाड़ा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी धोलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार पूर्व में नेशनल हाईवे संख्या 458 पर रामावास चौराहे के पास नाकाबंदी के दौरान बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स का परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से प्रयुक्त बोलेरो वाहन आरजे 16 यूबी 0456 भी जब्त किया गया था।
जमीन हड़पने के लिए रची गई साजिश
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ब्यावर ने वृत्ताधिकारी जैतारण रमेन्द्रसिंह हाड़ा को गहन पर्यवेक्षण के निर्देश दिए। जांच के दौरान साइबर तकनीक की मदद से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, चैट, कॉल डिटेल सहित अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
पूछताछ में सामने आया कि मीठाराम के पास हाईवे पर बेशकीमती जमीन है। आरोप है कि जमीन हड़पने के उद्देश्य से उसके व्यापारिक साझेदार मित्र ने अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची। पुलिस के मुताबिक हड़माराम, महेन्द्र राजपुरोहित और कैलाश वैष्णव ने अपने परिचित जोगराज से एमडी मंगवाई और इसे किरण उर्फ पिंटू को दिया। इसके बाद मीठाराम की बोलेरो की सर्विस के दौरान कथित रूप से गियर बॉक्स में एमडी का पैकेट रख दिया गया।
इसके बाद कैलाश ने अपनी महिला मित्र साईना के माध्यम से मीठाराम से इंस्टाग्राम पर दोस्ती करवाई और उसे जैतारण क्षेत्र में मिलने बुलाया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और कार्रवाई की गई। जांच में सामने आए तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों से पुलिस ने कथित साजिश की कड़ियां जोड़ते हुए एमडी उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति तक पहुंच बनाई।
पादरू में दबिश देकर सप्लायर को पकड़ा
पुलिस अभिरक्षा में चल रहे जोगराज एवं पिंटू से गहन पूछताछ में जब्त एमडी लादूराम पुत्र विरदाराम विश्नोई, उम्र 41 वर्ष, निवासी पादरू, थाना सिवाना, जिला जालौर द्वारा उपलब्ध करवाना बताया गया। इसके बाद विशेष टीम ने पादरू में दबिश देकर लादूराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की गहन जांच एवं पूछताछ जारी है।
ये पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उमराव खां, सहायक उपनिरीक्षक, वृत्त कार्यालय जैतारण; संजय जाखड़, हैड कांस्टेबल नं. 87, पुलिस थाना जैतारण; धर्मेन्द्र, कांस्टेबल, पुलिस थाना जैतारण; करतार, कांस्टेबल नं. 401, पुलिस थाना रास तथा संजय, कांस्टेबल नं. 513, पुलिस थाना रास शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों एवं साजिश से जुड़े तथ्यों की जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
