बनास नदी में काला पानी! मछलियों की मौत से मचा हड़कंप, प्रशासन से जांच की मांग

रमेश चंद्र डाड

आकोला|स्मार्ट हलचल|कस्बे से बहने वाली बनास नदी में कथित रूप से लगातार काला पानी आने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले बारिश के दौरान नदी में पानी की आवक के साथ फैक्ट्रियों से छोड़ा गया काला पानी नदी में पहुंचा था और अब भी काले पानी का प्रवाह जारी है।ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी से चर्म रोग सहित अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वहीं जलीय जीव-जंतुओं पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है। दो दिन पहले मंगरोप क्षेत्र की बनास नदी का वीडियो सामने आया, जिसमें कई मछलियां मृत अवस्था में दिखाई दीं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खनिज विभाग, जल संसाधन विभाग तथा जिला प्रशासन से मांग की है कि काला पानी नदी में कहां से और किसके द्वारा छोड़ा जा रहा है, इसकी तत्काल जांच कर सैंपल लिए जाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

सवाल यह है कि सैकड़ों गांवों के लोग जिस बनास नदी के पानी पर निर्भर हैं, उसमें जहरीला पानी आखिर कब तक पहुंचता रहेगा? बारिश के दौरान दोबारा नदी में दूषित पानी नहीं छोड़ा जाए, इसके लिए प्रशासन स्थायी निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करे।