जोबनेर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 बदमाश दबोचे; इनामी आरोपी, हिस्ट्रीशीटर और वारंटी भी शामिल
अजय सिंह (चिंटू)
जोबनेर।स्मार्ट हलचल|जयपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत जोबनेर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में हत्या के मामले में करीब दो माह से फरार चल रहे एक हजार रुपये के इनामी आरोपी सहित चार हिस्ट्रीशीटर और तीन वारंटी भी पुलिस के हत्थे चढ़े।
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा के निर्देशन में तथा डीवाईएसपी पन्नालाल जांगिड़ के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने थाना क्षेत्र में दबिश और निगरानी की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में करीब दो माह से फरार चल रहे एक हजार रुपये के इनामी आरोपी सनी लखन को गिरफ्तार किया गया। वहीं अवैध शराब जब्ती के मामले में विष्णु को पकड़ा गया। इसके अलावा अवैध चेजा पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी पप्पू को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान चार हिस्ट्रीशीटर बदमाशों और तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया।
थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में एएसआई मदनलाल, कांस्टेबल राजेंद्र और कांस्टेबल सुभाष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
