मांडलगढ़, शाहपुरा व भीलवाड़ा आबकारी दल की संयुक्त कार्रवाई; कंजर बस्तियों सहित 8 ठिकानों पर दबिश, 1 मुकदमा दर्ज
मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)
स्मार्ट हलचल|आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार मांडलगढ़ वृत्त क्षेत्र में अवैध हथकढ़ शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग ने सघन संयुक्त कार्रवाई की है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन अजमेर राधेश्याम डेलू के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी योगेश श्रीवास्तव के सुपरविजन में आबकारी निरोधक दलों ने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर 5 चालू भट्टियों सहित करीब 1300 लीटर उत्तेजित वॉश को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
कंजर बस्तियों सहित इन क्षेत्रों में दी गई दबिश
आबकारी निरीक्षक वृत्त मांडलगढ़ नंद किशोर के नेतृत्व एवं प्रहराधिकारी आबकारी निरोधक दल भीलवाड़ा नाथूसिंह कानावत, आबकारी निरोधक दल शाहपुरा व मांडलगढ़ के जाप्ते द्वारा संयुक्त रूप से चिताबड़ा कंजर बस्ती, बिजौलियां, भोपतपुरा, मालका खेड़ा, जलिन्द्री, रघुनाथपुरा कंजर बस्ती, श्यामपुरा व मोहनपुरा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
🛑 कार्रवाई और जब्ती का विवरण:
- उत्तेजित वॉश: करीब 1300 लीटर वॉश मौके पर नष्ट।
- हथकढ़ भट्टियां: 5 अवैध चालू शराब भट्टियां ध्वस्त।
- शराब बरामदगी: करीब 53 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त।
- अभियोग: आबकारी अधिनियम के तहत 1 अभियोग दर्ज।
कार्रवाई में यह टीम रही शामिल
इस संयुक्त धरपकड़ अभियान में जमादार प्रेम सिंह, सिपाही नोलाराम, सिपाही मिश्री लाल एवं आबकारी गार्ड दुर्गा लाल का विशेष योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
