संतों के सान्निध्य में उमड़ा आस्था का सैलाब

महावीर सेन

मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। श्रावण मास के पावन अवसर पर बुधवार को मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में त्रिवेणी संगम से होडा स्थित मुंडला हनुमान मंदिर तक विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में कावड़ यात्री, श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।

कावड़ यात्रा में पश्चिम पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी वैदेही वल्लभ देवाचार्य जी एवं परम पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राम रामेश्वरदास जी महाराज का पावन सान्निध्य रहा। संतों के आशीर्वाद एवं उपस्थिति से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

त्रिवेणी संगम से प्रारंभ हुई यात्रा के दौरान भगवा ध्वजों, धार्मिक झांकियों और ढोल-नगाड़ों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। यात्रा में भगवान शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां एवं अघोरी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कावड़ यात्रियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था और श्रद्धा का यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक एवं धार्मिक एकजुटता का भी परिचायक रहा।

इस अवसर पर मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, मांडलगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, बिजोलिया मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा, महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कावड़ यात्रा के मुंडला हनुमान मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं हनुमानजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्रावण मास के इस आयोजन ने मांडलगढ़ क्षेत्र में सनातन आस्था, धार्मिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की। भगवा ध्वजों से सजा यात्रा मार्ग और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता वातावरण पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।