क्रेटा कार से सात कट्टों में ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ, एक आरोपी गिरफ्तार; चालक मौके से फरार
भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी भीलवाड़ा और थाना पुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 123.550 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार और दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की हैं। पुलिस ने जब्त डोडा पोस्त की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि एक हुंडई क्रेटा कार में दो व्यक्ति संदिग्ध मादक पदार्थ लेकर चित्तौड़गढ़ की ओर से भीलवाड़ा की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसटी टीम ने हाजरी खेड़ा चौराहे पर चित्तौड़गढ़ से अजमेर की ओर जाने वाली लेन में नाकाबंदी की।
संदिग्ध क्रेटा कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार को रोक लिया। कार के टायर पंचर होने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। कार की खलासी सीट पर बैठे व्यक्ति को पुलिस ने डिटेन कर लिया।
पूछताछ में डिटेन किए गए व्यक्ति ने अपना नाम अनुज कुमार विश्नोई बताया तथा फरार चालक का नाम विक्रम विश्नोई बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अनुज ने कार में अवैध मादक पदार्थ होने की जानकारी दी। इसके बाद थाना पुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार कार की तलाशी लेने पर सात कट्टों में कुल 123.550 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से क्रेटा कार तथा दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार अनुज कुमार ने बताया कि वह अपने साथी विक्रम विश्नोई के साथ चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ की तरफ से डोडा चूरा लेकर आ रहा था।
मामले में थाना पुर पर प्रकरण संख्या 173/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर अनुज कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी विक्रम विश्नोई की तलाश की जा रही है तथा मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज कुमार पुत्र राजेश बिश्नोई, उम्र 24 वर्ष, निवासी बड़वा, तहसील एवं थाना सिवानी, जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहाड़ा बुद्धराज सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक मांडल राहुल जोशी के सुपरविजन तथा थाना पुर प्रभारी एवं डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
