पहले दिन भाजपा के दो प्रत्याशियों ने भरे पर्चे, 500 से अधिक नामांकन फार्म ले जा चुके दावेदार
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद ब्यावर के 60 वार्डों में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन वार्ड संख्या 20 और 40 से भाजपा के दो प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही शहर में चुनावी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की आवाजाही भी शुरू हो गई।नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने चार नामांकन केंद्र निर्धारित किए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर जयपाल सिंह ने बताया कि वार्ड संख्या 1 से 15 तक के प्रत्याशियों के नामांकन पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, छावनी रोड के कमरा नंबर 37 में लिए जा रहे हैं। वार्ड संख्या 16 से 30 तक के लिए नगर परिषद कार्यालय को केंद्र बनाया गया है।
इसी प्रकार वार्ड संख्या 31 से 45 तक के प्रत्याशियों के नामांकन उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार (पुराना वीसी हॉल) में तथा वार्ड संख्या 46 से 60 तक के नामांकन अंबेडकर भवन में लिए जा रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस की ओर से माकूल सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने भी प्रत्येक केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ कार्मिक तैनात किए हैं। नामांकन केंद्रों के आसपास प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही के चलते चुनावी माहौल नजर आने लगा है।
500 से अधिक फार्म ले जा चुके प्रत्याशी
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सुरेशकुमार गर्ग ने बताया कि नामांकन के पहले दिन दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं, अब तक 500 से अधिक नामांकन फार्म प्रत्याशियों की ओर से लिए जा चुके हैं। इससे आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। शहर के 60 वार्डों में चुनावी समीकरणों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
