‘एक राखी लोकतंत्र के नाम’ से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|आगामी नगर निकाय एवं पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला स्वीप प्रकोष्ठ, ब्यावर के निर्देशन में SVEEP जिला टीम एवं SVEEP उपखंड टीम ब्यावर की ओर से बुधवार को बाल मंदिर नर्सरी एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, ब्यावर में ‘एक राखी लोकतंत्र के नाम’ थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कर तथा रंगोली बनाकर मतदान के महत्व और लोकतंत्र में मतदाताओं की भागीदारी का संदेश दिया। राखियों पर ‘पहले मतदान फिर जलपान’, ‘मेरा वोट मेरी ताकत’ एवं ‘100 प्रतिशत मतदान’ जैसे स्लोगन लिखे गए। विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रचनात्मक गतिविधियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं।

स्वीप प्रभारी सुनीता चौधरी ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में एक-एक वोट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति जागरूकता फैलाकर ही शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान डाइट मसूदा के ताराचंद जांगिड़ ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव में पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।