थानाधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी कर ध्वस्त किया तस्करी का नेटवर्क
बजरंग आचार्य
सादुलपुर |स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक निश्चल प्रसाद (आईपीएस) के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत चूरू डीएसटी और राजगढ़ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारी चोट की है। पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे 52 पर लसेड़ी टोल प्लाजा के पास सख्त नाकाबंदी कर तीन गाड़ियों से 26 लाख रुपये की चंडीगढ़ एवं हरियाणा निर्मित अवैध शराब जब्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण और सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटिल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश सिहाग के नेतृत्व में यह सफल कार्रवाई की गई।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान पहली गाड़ी (बोलेरो) से हरियाणा निर्मित शराब के 25 कार्टन जब्त कर संत कुमार उर्फ कालू को गिरफ्तार किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये है। दूसरी कार्रवाई में क्रेटा कार से 65 कार्टन (3120 पव्वे) बरामद कर मनोहर लाल (निवासी जालोर) को पकड़ा गया, जिसकी कीमत 10 लाख रुपये है। तीसरी कार्रवाई में ब्रेजा कार से 77 कार्टन (3696 पव्वे) जब्त कर मनोहर लाल (निवासी जालोर) को गिरफ्तार किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है।
पुलिस सप्लायर और खरीदार के नेटवर्क को खंगालने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
