दतवास पुलिस ने खोला 2 करोड़ की साइबर ठगी का राज-11 आरोपी गिरफ्तार,

396 फर्जी सिम, 12 मोबाइल, लैपटॉप, 5 एटीएम कार्ड, 3 वाहन और 37 हजार 210 रुपये नकद बरामद

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/निवाई।स्मार्ट हलचल|निवाई सर्किल क्षेत्र की दतवास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) टोंक ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा देशभर में करीब 2 करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पांच एटीएम कार्ड, तीन वाहन तथा 37 हजार 210 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच में आरोपियों द्वारा करीब 396 फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
*देशभर में 81 ऑनलाइन शिकायतें मिलीं*
दतवास थाना प्रभारी सुश्री निरमा मीणा (उप निरीक्षक) ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ देशभर से साइबर अपराध शिकायत पोर्टल (NCRP) पर 81 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं। अब पुलिस इन शिकायतों का सत्यापन कर वास्तविक ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या का पता लगाने में जुटी है।
*चार साल से साइबर ठगी नेटवर्क में सक्रिय*
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार आरोपी करीब चार वर्षों से साइबर ठगी के नेटवर्क में सक्रिय थे। आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम, के माध्यम से लोगों से संपर्क किया जाता था। इसके बाद उन्हें मोटी रकम कमाने अथवा ऑनलाइन निवेश में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी के जाल में फंसाया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा फर्जी फोनपे (PhonePe) ऐप और फर्जी इन्वेस्टमेंट लिंक का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों को ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी।
*11 आरोपी पुलिस हिरासत में*
डीएसटी टीम टोंक और दतवास थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सभी 11 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साइबर ठगी से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद दतवास थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, सिम कार्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और ठगी की रकम के लेनदेन की गहन जांच कर रही है।
*ये आरोपी हुए गिरफ्तार*
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में अंशुमान (22) पुत्र रामप्रकाश मीणा, निवासी अलीगढ़, (टोंक), नमोनारायण (21) पुत्र रामस्वरूप मीणा,
सोनू (22) पुत्र रमेशचंद मीणा, विजेन्द्र (28) पुत्र घनश्याम मीणा, राहुल (29) पुत्र चौथमल, महेश (28) पुत्र चौथमल, मनीष (24) पुत्र हनुमान, अरविन्द (25) पुत्र जगदीश मीणा, सौरभ (23) पुत्र रमेश मीणा, रितेश (18) पुत्र रामस्वरूप मीणा, रोहित (20) पुत्र लड्डू लाल मीणा, निवासी पचाला, थाना अलीगढ़, जिला टोंक को गिरफ्तार किया गया है।
*बरामद सामान से खुली नेटवर्क की परतें*
पुलिस के अनुसार बरामद 12 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप की तकनीकी जांच कर साइबर ठगी के नेटवर्क, आरोपियों के संपर्क में रहे लोगों और पैसों के लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। करीब 2 करोड़ रुपये की कथित ठगी और 81 ऑनलाइन शिकायतों के बाद पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है।