सुनेल कस्बे सहित आसपास के गांवों में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन, तिलक कर बहनों ने की भाई की सुख-समृद्धि की कामना
स्मार्ट हलचल
सुनेल 28 अगस्त ।
कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन को लेकर कस्बे के बाजारों में भी विशेष रौनक रही। राखियों की दुकानों पर सुबह से ही महिलाओं और बच्चों की भीड़ नजर आई। बाजार में रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइनों वाली राखियां बहनों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
दूर-दराज रहने वाले भाई-बहन भी रक्षाबंधन पर अपने घर पहुंचे। लंबे समय बाद भाई-बहनों के मिलने से परिवारों में खुशियों का माहौल देखने को मिला। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर मिठाई खिलाई, वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार एवं शगुन भेंट किए।
बाजार में दिनभर रही चहल-पहल
पर्व के चलते कस्बे के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर दिनभर चहल-पहल रही। सुबह से ही लोग राखी, मिठाई और पूजा सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए सुनेल पहुंचे। रक्षाबंधन को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
