सूरौठ।स्मार्ट हलचल|राजकीय महाविद्यालय सूरौठ में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान के तहत इस वर्ष “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” और “एक घंटा खेल के मैदान में” विषय के आधार पर विभिन्न खेल प्रतियोगिता व फिटनेस गतिविधि आयोजित की गईं।
कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी अद्वितीय खेल उपलब्धियों पर डॉ. हरदयाल धाकड़ के प्रेरणादायक व्याख्यान से हुआ। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को हॉकी के जादूगर के जीवन से अनुशासन और समर्पण सीखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दौड़ प्रतियोगिता छात्रा वर्ग में अखलेश ने प्रथम, निशा सैनी ने द्वितीय तथा कोमल सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दौड़ प्रतियोगिता छात्र वर्ग में खेम सिंह पहले, विष्णु दूसरे और सचिन फागुना तीसरे स्थान पर रहे।
रुमाल झपट्टा प्रतियोगिता में छात्र एवं छात्रा दोनों ही वर्गों में बी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता होने का गौरव प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन गोविन्द प्रसाद पाठक ने किया। इस अवसर पर डॉ. अम्बिका, डॉ. जितेन्द्र कटारा, डॉ पंकज गुप्ता एवं महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
