आप ने 9 प्रत्याशियों को सौंपे पार्टी सिंबल, 31 अगस्त को एक साथ भरेंगे नामांकन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को प्रदेश चुनाव सह प्रभारी सतपाल कैम एवं जिला चुनाव सह प्रभारी मीना त्यागी ब्यावर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी की पहली सूची में शामिल सभी 9 प्रत्याशियों को अधिकृत पार्टी सिंबल प्रदान किए गए।
प्रदेश चुनाव सह प्रभारी सतपाल कैम ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए घर-घर जाकर आम आदमी पार्टी और झाड़ू के संदेश को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ नगर परिषद चुनाव मैदान में उतर रही है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ब्यावर में मजबूत जनसमर्थन हासिल करने का लक्ष्य है।
पहली सूची में वार्ड 59 से मो. शोकत, वार्ड 34 से एडवोकेट दलपत सिंह राठौड़, वार्ड 30 से एडवोकेट प्रकाश परिहार, वार्ड 37 से एडवोकेट वरुण सांगेला, वार्ड 12 से मस्तान खान, वार्ड 42 से विनोद गर्ग, वार्ड 41 से राधाकिशन साहू, वार्ड 50 से रब्बा बानो तथा वार्ड 18 से रूबिना कुरैशी को प्रत्याशी बनाया गया है।
जिला चुनाव प्रभारी मीना त्यागी ने सभी प्रत्याशियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को रखने का आह्वान किया। प्रदेश चुनाव समिति सदस्य एवं जिला चुनाव सह प्रभारी एडवोकेट नीलेश बुरड़ तथा जिलाध्यक्ष शौकीन काठात ने बताया कि 31 अगस्त को आम आदमी पार्टी के सभी प्रत्याशी एक साथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चांग गेट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश नजर आया।