रामदेवरा जातरुओं की सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शुरू किया रेडियम स्टीकर अभियान

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|भादवा माह शुरू होते ही बाबा रामदेव के दर्शन के लिए रामदेवरा जाने वाले जातरुओं की संख्या बढ़ने लगी है। पैदल यात्रियों के साथ दुपहिया और अन्य वाहनों से श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर निकल रहे हैं। जातरुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ब्यावर जिला ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।
ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज मंगल सिंह के नेतृत्व में रविवार को सेंदड़ा रोड स्थित खम्मा-खम्मा पैदल यात्री संघ के भंडारा स्थल से रेडियम स्टीकर लगाने के अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत पैदल यात्रियों के साथ-साथ वाहनों पर भी रेडियम स्टीकर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात के समय अंधेरे में जातरु और वाहन दूर से नजर आ सकें तथा सड़क हादसों की आशंका कम हो।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से जातरुओं को यातायात नियमों की पालना करने, सड़क पर सावधानी बरतने तथा रात के समय विशेष सतर्कता के साथ यात्रा करने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि भादवा मेले के दौरान रामदेवरा की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।