जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से ग्रामीणों में नाराजगी, योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग
काछोला, 31 अगस्त 2026
स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर फॉलोअप शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को ग्राम पंचायत थलकलां में फॉलोअप शिविर आयोजित किया गया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार शिविर अपेक्षित परिणाम नहीं दे सका। शिविर में आमजन के कार्य नहीं होने तथा मांडलगढ़ ब्लॉक स्तर से किसी जिम्मेदार अधिकारी के उपस्थित नहीं रहने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, लेकिन यदि संबंधित अधिकारी ही उपस्थित नहीं रहें तो ऐसे शिविर महज औपचारिकता बनकर रह जाते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को लेकर उन्हें बार बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि फॉलोअप शिविरों में संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा पात्र लोगों के लंबित कार्यों का मौके पर निस्तारण किया जाए। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी शुभम जैन ने पंचायत राज विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने योजनाओं के पात्रता मापदंड एवं उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में ग्रामीणों को अवगत कराया। घनश्याम पाराशर ने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन यदि जिम्मेदार अधिकारी शिविर में मौजूद नहीं होंगे तो ग्रामीणों को इसका वास्तविक लाभ कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिविरों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखकर मौके पर समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। लादू दास वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक पात्र परिवार अभी भी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। ऐसे परिवारों को योजनाओं से जोड़ने और उनके लंबित कार्यों का निस्तारण करने के लिए फॉलोअप शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कर शिविर को प्रभावी बनाया जाना चाहिए। राकेश गर्ग ने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। शिविर में आने वाले ग्रामीणों को निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में आयोजित होने वाले शिविरों में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें और ग्रामीणों के कार्यों का प्राथमिकता से निस्तारण करें। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मनोज संचेती, सहायक सचिव अभिषेक पारीक, ग्राम पंचायत पत्र वाहक दुर्गालाल शर्मा, पटवारी सुरेन्द्र सिंह, शिक्षक अशोक शर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी चांदमल रेगर, राशन डीलर दुर्गालाल तिवाड़ी, ई मित्र कियोस्क संचालक रामपाल कहार, ग्राम सेवा सहकारी समिति थलकलां के सहायक व्यवस्थापक नरेंद्र सिंह राजपूत, नन्दलाल गुर्जर सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से आगामी फॉलोअप शिविरों में ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों का मौके पर समाधान करवाने की मांग की है।
