तीज पर माहेश्वरी सिंजारा उत्सव में छलकी राजस्थानी संस्कृति की छटा

श्रृंगार थीम पर प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रश्नोत्तरी का हुआ आयोजन
सोलह श्रृंगार से लहरिया तक, तीज उत्सव में सजे संस्कृति के रंग

कोटा। स्मार्ट हलचल|‘‘आया तीज का त्यौहार, लाया सिंजारे की बहार’’ की थीम पर कजली तीज के अवसर पर श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान नया कोटा द्वारा श्री माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड पर सिंजारा एवं तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राजस्थानी संस्कृति और लोक परंपराओं की रंगारंग छटा प्रस्तुत की।
श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान नया कोटा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी ने बताया कि हर वर्ष की भांति माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की विशेष थीम ‘श्रृंगार’ रखी गई। इसी के अनुरूप घेवर एवं सोलह श्रृंगार पैकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने घर से तैयार कर आकर्षक और सुसज्जित प्रस्तुतियां प्रदर्शित कीं।
महिला मण्डल अध्यक्ष सरिता मोहता एवं महामंत्री श्वेता माहेश्वरी ने बताया कि प्रतियोगिता में रानी सोडानी, ज्योति माहेश्वरी, रश्मि काल्या एवं भारती काल्या को विजेता घोषित कर पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में काजल, मेहंदी, चूड़ी, बिंदी और लहरिया जैसे श्रृंगार के विभिन्न रंगों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान थीम आधारित प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित समाजबंधुओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इसके साथ ही बेस्ट मैचिंग कपल, बेस्ट हेयर स्टाइल, बेस्ट लहरिया और मेहंदी सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
महिलाओं ने मारवाड़ी में एक लघु नाटिका की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। तीज से संबंधित सिंजारा गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को पारंपरिक रंगों से सराबोर कर दिया। पहेलियों और रोचक गतिविधियों में भी समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के पश्चिमांचल उपसभापति राजेशकृष्ण बिरला ने कहा कि तीज राजस्थान का प्रमुख लोकपर्व है। इस अवसर पर नववधुओं के लिए सिंजारा ले जाने की परंपरा रही है। ऐसे लोकपर्व हमारी समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने के साथ समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए।
इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, सचिव बिठ्ठलदास मूंदड़ा,नंद किशोर काल्या,राजेन्द्र शारदा,धनश्याम मूंदडा, शिक्षाविद गोविंद माहेश्वरी, पूर्वी राजस्थान के प्रदेश मंत्री महेशचंद अजमेरा, सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी, आनंद राठी सहित,सुरेश चंद काबरा,ओम गट्टानी, के जी जाखेटिया,रामचरण धूत,पुरूषोत्तम बल्दुया,सत्यनारायण चाण्डक, अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम का संचालन निशाधूत ​ने किया। अंत में संस्थान के मंत्री दामोदर मूंदड़ा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।