200 विद्यार्थियों की नेत्र जांच, योग से दिया तनावमुक्त अध्ययन का मंत्र

तनावमुक्त पढ़ाई और सकारात्मक सोच का संदेश लेकर विद्यालय पहुंचा लायंस क्लब कोटा

कोटा। स्मार्ट हलचल|विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए संस्कार, स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और जीवन कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से लायंस क्लब कोटा ने लाडपुरा स्थित महात्मा गांधी विद्यालय में बहुआयामी सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। लायंस क्वेस्ट कार्यक्रम और ‘लायन रोहित मेहता वीक’ के तहत हुए आयोजन में करीब 200 विद्यार्थियों की निःशुल्क नेत्र जांच के साथ योग, एकाग्रता और संस्कार निर्माण संबंधी गतिविधियां कराई गईं।
अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि ‘लायन रोहित मेहता वीक’ के तहत विद्यार्थियों को तनावमुक्त अध्ययन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या माला हीरानी ने अतिथियों और क्लब सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और जीवन मूल्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लायंस क्लब की गतिविधियों की सराहना की।
क्लब सचिव लक्ष्मीकांत पारीक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लायंस क्वेस्ट कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अच्छे संस्कार और जीवन कौशल विकसित करना है। विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान तनाव और दबाव से निपटने के लिए योग, प्राणायाम और एकाग्रता बढ़ाने वाली गतिविधियों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘वॉल ऑफ ग्रेटीट्यूड’ गतिविधि के माध्यम से बच्चों को कृतज्ञता, सम्मान और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नैतिक मूल्य और सकारात्मक सोच न केवल व्यक्तित्व को सशक्त बनाते हैं, बल्कि बेहतर अध्ययन और जीवन में सफलता के लिए भी महत्वपूर्ण आधार तैयार करते हैं।
विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में लायंस क्लब कोटा के अध्यक्ष लायन रमेश चंद्र शर्मा, सचिव लायन लक्ष्मीकांत पारीक, लायन शंकर सुखवानी, राम मदनानी, भागचंद हेमलानी सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।