पंकज पोरवाल
हाइड्रोलिक लिफ्ट से लेकर साइबर सेफ्टी और वर्षा जल संरक्षण तक 30 प्रोजेक्ट्स ने खींचा ध्यान
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। मेले में छात्राओं ने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अपनी रचनात्मक सोच और नवाचार को विभिन्न मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यालय परिसर में सजे विज्ञान मॉडल विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। प्रधानाचार्य सुनीता ननकानी ने बताया कि मेले का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विज्ञान मेले विद्यार्थियों में सृजनात्मकता के साथ-साथ तर्कपूर्ण चिंतन और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले में कुल 30 प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए, जिनमें जूनियर वर्ग के 17 तथा सीनियर वर्ग के 13 प्रोजेक्ट शामिल रहे। इनमें कई वर्किंग मॉडल भी प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने हाइड्रोलिक लिफ्ट, साइबर सेफ्टी, वर्षा जल संरक्षण, जीवनोपयोगी गैजेट्स, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा के गैर-पारंपरिक स्रोत तथा ग्रीन स्कूल सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार किए। कार्यक्रम संयोजक गौरव कुमारी ने बताया कि विज्ञान मेले का विद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ करीब 750 छात्राओं ने अवलोकन किया। मेले को आकर्षक बनाने के लिए विशेष सजावट की गई तथा सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया। आयोजन को सफल बनाने में रेणु, सीमा कोहली, शुभम खोईवाल, लक्ष्मी शर्मा, अमर ज्योति, सौरभ सिंह एवं हर्षित शर्मा का विशेष योगदान रहा। मेले में चयनित छात्राएं अब जिला स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
