60 वार्डों के लिए अब तक 635 नामांकन जमा, 1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद ब्यावर के 60 वार्डों के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा कराने के अंतिम दिन सोमवार को अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन कुल 516 नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए। इसके साथ ही अब तक नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए कुल 635 नाम निर्देशन पत्र जमा हो चुके हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 1 सितंबर को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। संवीक्षा उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार (पुराना वीसी हॉल) में होगी।
वहीं, चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों के पास नाम वापस लेने का अवसर भी रहेगा। अभ्यर्थी 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार में नाम वापसी का आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
अंतिम दिन बड़ी संख्या में नामांकन जमा होने के बाद अब चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने लगी है। संवीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ब्यावर के 60 वार्डों में चुनावी मुकाबले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
