गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़-ग्रामीणों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के सोप थाना क्षेत्र के कस्बा सोप में शनिवार, 29 अगस्त को मां के साथ चारा लेने गई 15 वर्षीय बालिका की सर्पदंश से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार कस्बा सोप निवासी पप्पूलाल मेरोठा की 15 वर्षीय पुत्री सुमन शनिवार को अपनी मां के साथ खेत पर चारा लेने गई थी। इसी दौरान बालिका को सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद बालिका की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजन अचेतावस्था में उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतका सुमन का परिवार बेहद गरीब है और मेहनत-मजदूरी पर निर्भर है। उसके पिता खेती व मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उसकी मां विकलांग हैं। सुमन अपने माता-पिता की तीसरी संतान थी। परिवार में एक भाई और पांच बहिनें हैं। बालिका की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद कस्बा सोप के ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, ऐसे में बालिका की मौत के बाद परिवार को आर्थिक संबल की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है तथा ग्रामीणों ने भी सामाजिक सरोकार स्तर से गरीब परिवार को आर्थिक मदद करने की बात कही है।
