बरूंदनी में चोरी की लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश, कुओं से केबल चोरी के विरोध में पुलिस चौकी के बाहर अनशन शुरू
लगातार चोरी से किसानों में चिंता, चोर गिरोह का पर्दाफाश होने तक अनशन जारी रखने की घोषणा
आकोला, स्मार्ट हलचल। बरूंदनी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को पुलिस चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों का पता लगाने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी ने अनशन शुरू करने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात बरूंदनी में अज्ञात चोरों ने कुओं को निशाना बनाया। ग्रामीण पुष्कर लाल मीणा ने बताया कि गांव के एक कुएं पर लगी पानी की दो मोटरों की केबल अज्ञात चोर काटकर ले गए। इसी रात दीपक पिता कैलाश चंद्र तथा भेरूलाल पिता छितर लाल सुथार के कुएं से भी केबल चोरी होने की घटनाएं सामने आई हैं।
लगातार चोरी से ग्रामीणों में असंतोष
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे किसानों और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
पुलिस चौकी के बाहर अनशन शुरू
चोरी की घटनाओं के विरोध में भारतीय किसान संघ, भीलवाड़ा के जिला आपदा राहत प्रमुख पुष्कर लाल मीणा ने मंगलवार सुबह 9:15 बजे से पुलिस चौकी के बाहर अनशन शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जब तक चोरी की घटनाओं में शामिल चोर गिरोह का पर्दाफाश नहीं होता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों का पता लगाने तथा किसानों के कुओं से लगातार हो रही केबल चोरी पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
