भाजपा के सभी 60 उम्मीदवारों ने लिया विजय संकल्प

नामांकन के बाद पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के निवास पर जुटे प्रत्याशी, चौथी बार बोर्ड बनाने का लिया संकल्प
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|निकाय चुनाव 2026 के तहत 60 वार्डों वाली गंगापुर सिटी नगर परिषद के चुनाव में भाजपा के सभी 60 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करने के बाद एकजुट होकर विजय संकल्प लिया। सभी प्रत्याशी जयपुर बाइपास स्थित पूर्व विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के निवास पर एकत्रित हुए, जहां उनका तिलक लगाकर एवं भाजपा का दुपट्टा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, गंगापुर सिटी निकाय चुनाव संयोजक एवं निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने प्रत्याशियों के साथ चुनाव को लेकर चर्चा की और जीत के लिए रणनीति पर मंथन किया।
सभी 60 उम्मीदवारों ने गंगापुर सिटी नगर परिषद में चौथी बार भाजपा का बोर्ड बनाने का विजय संकल्प लिया। इस दौरान उम्मीदवारों में चुनाव को लेकर उत्साह और जोश देखने को मिला। प्रत्याशियों ने कहा कि पार्टी ने विश्वास जताते हुए उन्हें टिकट दिया है और वे वार्ड में विकास, समस्याओं के समाधान तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
भाजपा नेताओं ने प्रत्याशियों से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने तथा पार्टी की रीति-नीति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।