होलीरड़ा में बड़ी चोरी: चोरों ने पिता-पुत्र के घरों को बनाया निशाना, नकदी समेत लाखों के सोने-चांदी के जेवर पार

रमेश चंद्र डाड

आकोला । स्मार्ट हलचल|स्थानीय थाना क्षेत्र बडलियास के होलीरड़ा गांव में मध्य रात्रि चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पिता और पुत्र के घरों को अपना निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से करीब सवा लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार की महिलाएं सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर बड़लियास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की।रोशनदान की जाली तोड़कर घुसे चोरप्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात के लिए घर के पिछले हिस्से को चुना। वे मकान के पीछे बने रोशनदान की जाली को काटकर अंदर दाखिल हुए। चोरी की इस वारदात के समय पूरा परिवार बेफिक्र होकर बाहर बरामदे में सो रहा था। चोरों ने कमरों के अंदर घुसने के बाद बाहर से कुंडी लगा दी ताकि कोई अचानक जागने पर उन्हें पकड़ न सके। इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला और कीमती सामान समेट कर रफूचक्कर हो गए।पीड़ितों ने बयां किया दर्द: भैंस-बकरियां बेचकर जोड़े थे पैसेपीड़ित रामपाल (पिता रामचंद्र बलाई) ने बताया कि चोरों ने उनके घर से मृत्यु भोज (कमौत) के लिए रखे करीब डेढ़ तोले सोने की रामनवमी व मादलिया और आधा किलो चांदी की पायजेब पर हाथ साफ कर दिया।वहीं, रामपाल के पिता रामचंद्र (पिता भूरा बलाई) के कमरे से भी चोरों ने मृत्यु भोज के लिए ही रखी एक तोले सोने की नथ और ₹1,00,000 की नकदी चुरा ली। पीड़ित बुजुर्ग ने रोते हुए बताया कि यह ₹1 लाख रुपये उन्होंने अपनी भैंस और बकरियां बेचकर बड़ी मेहनत से जमा किए थे, जिसे चोर ले उड़े।सुबह कमरा खोलने पर बिखरा मिला सामानसोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे और उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों में रखी नकदी तथा जेवरात गायब थे। इसके बाद तुरंत ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।ग्रामीणों में आक्रोश, रात्रि गश्त शुरू करने की मांगइस वारदात के बाद से होलीरड़ा गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे आसानी से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांव में तुरंत प्रभाव से नियमित रात्रि गश्त शुरू की जाए और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाए।