तेज रफ्तार स्कूल बस ने सड़क किनारे खड़े चार दोस्तों को रौंदा, एक छात्र की मौत, तीन गंभीर घायल

(बिन्टू कुमार)

नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|थानागाजी थाना क्षेत्र के सुरजनपुर तिराहे के पास शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एएसआई रमेश चंद ने बताया कि बिहारीसर स्थित हंस विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र अंकित कुमार मीणा और सचिन मीणा निवासी हीसला मोटरसाइकिल से परीक्षा देकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सुरजनपुर तिराहे के पास उन्हें उनके दो अन्य दोस्त अंकित प्रजापत और मुरारी लाल गुर्जर मिल गए। चारों युवक सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सुरजनपुर तिराए की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कूल बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए चारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को नारायणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने 16 वर्षीय अंकित कुमार पुत्र किशन लाल मीणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल सचिन मीणा, मुरारी लाल गुर्जर और अंकित प्रजापत की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में मृतक के बड़े भाई गिर्राज मीणा ने थानागाजी थाने में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच और अनुसंधान शुरू कर दिया है।