कल दोपहर 3 बजे तक तय होगी अंतिम चुनावी तस्वीर; सामान्य महिला अध्यक्ष सीट को लेकर राजनीतिक दलों में मान-मनौव्वल और जोड़-तोड़ तेज
मांडलगढ़ (स्मार्ट हलचल)
मांडलगढ़ नगर पालिका चुनाव 2026 में नाम वापसी का दौर शुरू हो गया है। नाम वापसी की अंतिम तिथि से एक दिन पूर्व बुधवार को चुनावी मैदान से दो प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस उठा लिए। वार्ड नंबर 12 से घनश्याम सोनी तथा वार्ड नंबर 17 से फरीदा बानो ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपना नामांकन वापस ले लिया है। दो प्रत्याशियों के हटने के बाद अब मैदान में प्रत्याशियों की संख्या घटकर 92 रह गई है।
सामान्य महिला अध्यक्ष पद को लेकर घमासान और नए समीकरण
इस बार मांडलगढ़ नगर पालिका में अध्यक्ष की सीट सामान्य महिला (General Female) वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में पालिका बोर्ड पर अपना कब्जा जमाने के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय खेमों में भी अध्यक्ष पद की दावेदार महिला प्रत्याशियों को जिताने की रणनीति पर काम चल रहा है। आज वार्ड 17 से फरीदा बानो और वार्ड 12 से घनश्याम सोनी द्वारा पर्चा वापस लेने के बाद संबंधित वार्डों के चुनावी समीकरण रोचक मोड़ पर पहुंच गए हैं।
📊 नामांकन व नाम वापसी की वर्तमान स्थिति:
- कुल प्राप्त नामांकन: 103
- संवीक्षा में खारिज (सिंबल न मिलने पर): 07
- स्वतः निरस्त (बॉन्ड फॉर्म): 02
- बुधवार को नाम वापस लिए: 02 (घनश्याम सोनी व फरीदा बानो)
- मैदान में शेष वैध प्रत्याशी: 92

कल दोपहर 3 बजे तक साफ होगी अंतिम तस्वीर
गुरुवार, 3 सितंबर को नाम वापसी का अंतिम दिन है। दोपहर 3:00 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। बागियों और निर्दलीयों को बिठाने के लिए वरिष्ठ नेताओं द्वारा लगातार समझाइश और मान-मनौव्वल का दौर जारी है। कल दोपहर 3:00 बजे के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किस वार्ड में कितने उम्मीदवार मैदान में आमने-सामने होंगे। इसके तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
