भीलवाड़ा डेयरी में गुणवत्ता जांच को मिली नई तकनीक, जांच अब होगी और तेज

पंकज पोरवाल

एफटीआईआर आधारित मिल्क एनालाइजर मशीन, एफटी 3 का शुभारंभ, दूध की जांच में आएगी तेजी और सटीकता

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|उपभोक्ताओं तक बेहतर गुणवत्ता का दूध पहुंचाने और जांच प्रक्रिया को आधुनिक बनाने की दिशा में भीलवाड़ा डेयरी ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। डेयरी के गुण नियंत्रण प्रयोगशाला में एफटीआईआर आधारित मिल्क एनालाइजर मशीन एफटी 3 का शुभारंभ किया गया। आधुनिक तकनीक से लैस इस मशीन के शुरू होने से डेयरी में दूध की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया को और अधिक तेज, सटीक एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। भीलवाड़ा डेयरी के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि आधुनिक एफटीआईआर आधारित एफटी 3 मशीन की स्थापना से डेयरी में संकलित दूध की गुणवत्ता की जांच अधिक वैज्ञानिक एवं विश्वसनीय तरीके से की जा सकेगी। इसके माध्यम से कम समय में दूध के प्रमुख घटकों की जांच करते हुए दूध में मिलावट सहित अन्य गुणवत्ता संबंधी मानकों का पता लगाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि नई तकनीक से जांच प्रक्रिया में समय की बचत होने के साथ-साथ गुणवत्ता नियंत्रण को भी मजबूती मिलेगी। मशीन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। इस अत्याधुनिक मशीन की स्थापना का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता का दूध उपलब्ध कराना तथा डेयरी में गुणवत्ता जांच व्यवस्था को अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाना है। कार्यक्रम के दौरान डेयरी के विभिन्न विभागों एवं प्रयोगशाला कर्मियों की उपस्थिति रही।