महेन्द्र धाकड़
बेगूं। स्मार्ट हलचल|धाकड़ समाज के आराध्य भगवान श्री धरणीधर का जन्मोत्सव धाकड़ समाज द्वारा बुधवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा एवं प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें क्षेत्र से बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा सुबह 11 बजे नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर से वाहन रैली के रूप में प्रारंभ हुई। रैली बेगूं नगर के मुख्य मार्गों एवं विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान पूरा बेगूं नगर भगवान श्री धरणीधर के जयकारों से भक्तिमय नजर आया। शोभायात्रा में महिला-पुरुषों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उत्साह के साथ शामिल हुए। डीजे की धुन पर महिला और पुरुष थिरकते नजर आए। शोभायात्रा का जगह जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा,आतिशबाजी कर स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा के दौरान समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। भगवान श्री धरणीधर के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया।
