लंबे समय से खस्ताहाल सड़क, गहरे खड्डों से ग्रामीण परेशान

नालियों की सफाई नहीं होने से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, स्कूली बच्चों व राहगीरों को भी परेशानी

शाहपुरा@।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के खामोर गांव के माणक चौक से राज्यास रोड स्थित बालाजी मंदिर तक जाने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े खड्डे हो गए हैं और नुकीले पत्थर बाहर निकल आए हैं। खस्ताहाल सड़क के कारण ग्रामीण,आमजन और राहगीर परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रशासन की ओर से समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।ग्रामीण ओमप्रकाश ने बताया कि मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से टूटी हुई है। जगह-जगह बड़े-बड़े खड्डे होने के कारण आए दिन बच्चे और बुजुर्ग चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि,कई बार पंचायत प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसी मुख्य मार्ग पर दो निजी विद्यालय संचालित हैं। छोटे-छोटे बच्चे रोजाना इसी रास्ते से होकर स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर बने गहरे खड्डों, नुकीले पत्थरों और कीचड़ के कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार बच्चे रास्ते में फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं।सड़क की बदहाली के साथ नालियों की सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है। नालियों में गंदगी जमा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। कई जगह कीचड़ जमा होने से राहगीरों को निकलने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से न तो समय पर नालियों की सफाई करवाई जा रही है और न ही सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीरता दिखाई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव का प्रमुख मार्ग है और इसी रास्ते पर चारभुजा मंदिर स्थित है। आगामी 4 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दौरान रात में बड़ी संख्या में ग्रामीण महोत्सव में शामिल होने मंदिर पहुंचेंगे। ऐसे में सड़क पर बने बड़े-बड़े खड्डे और कीचड़ श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं।वहीं 21 सितंबर को तेजाजी महाराज का मेला भी नजदीक है और गांव में बिंदोरी निकलने का सिलसिला शुरू हो चुका है। श्रद्धालुओं को इसी बदहाल रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना चप्पल-जूतों के निकलने वाले भक्तों को सड़क पर पड़े नुकीले पत्थरों और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने और नालियों की सफाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि जन्माष्टमी और तेजाजी मेले को देखते हुए तत्काल सड़क के खड्डों की मरम्मत करवाई जाए तथा नालियों की सफाई कर पानी की निकासी सुचारु की जाए, ताकि ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को परेशानी से राहत मिल सके।मामले की जानकारी लेने के लिए ग्राम विकास अधिकारी कालूराम कुमावत से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।