क्रिप्टो-हवाला की आड़ में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, चार गिरफ्तार

 

ई-मित्र व पेट्रोल पंप के खातों में डलवाते थे ठगी की रकम, कमीशन काटकर लेते नकदी; USDT के जरिए विदेश भेजते थे पैसा

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिला ब्यावर पुलिस ने म्यूल अकाउंट और साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्रिप्टोकरेंसी व हवाला से जुड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार विदेशों में बैठे साइबर ठगों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।पुलिस के अनुसार आरोपी ई-मित्र और पेट्रोल पंप संचालकों के खातों में साइबर ठगी की रकम जमा करवाते थे। इसके बाद कमीशन काटकर शेष रकम नकद ले लेते थे। ठगी की शिकायत सामने आने पर संबंधित खातों पर बैंक होल्ड लग जाता था, जिससे खाताधारकों को आर्थिक और कानूनी परेशानी उठानी पड़ती थी।

मामला ई-मित्र संचालक तुलसा सिंह की रिपोर्ट से सामने आया। 28 अगस्त को सारोठ चौराहा स्थित चौहान ई-मित्र पर तीन युवक पहुंचे और क्यूआर कोड के जरिए खाते में रकम जमा करवाई। खाते में पहले 30 हजार और बाद में 50 हजार रुपए जमा हुए। आरोपियों ने कमीशन काटकर दोनों रकम नकद प्राप्त कर ली। अगले दिन खाते पर दिल्ली पुलिस साइबर शाखा की ओर से होल्ड लगाए जाने के बाद रकम साइबर ठगी की होने का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी एक एप के जरिए विदेशों में बैठे साइबर ठगों के संपर्क में थे। ठगी से प्राप्त नकदी से USDT क्रिप्टोकरेंसी खरीदी जाती थी और डिजिटल माध्यम से विदेश भेजी जाती थी। पुलिस के अनुसार इस लेनदेन में आरोपियों को करीब 25 प्रतिशत अतिरिक्त राशि मिलने की बात सामने आई है। जांच में हवाला नेटवर्क से जुड़े कनेक्शन भी सामने आए हैं।

पुलिस ने राजवीर सिंह चौहान उर्फ रोहित (24), रितिक मण्डोलिया (23), त्रिलोक रेगर (23) और चिराग मुलचंदानी (26) को गिरफ्तार किया है। चारों अजमेर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक साइबर क्राइम वी.के. सिंह एवं अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि सभरवाल के मार्गदर्शन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृत्ताधिकारी नरेंद्र पारीक के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी राजदीपेंद्र सिंह, जवाजा थाना अधिकारी डॉ. नवल किशोर तथा साइबर सेल टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।