आप के घोषणा-पत्र में स्वच्छ हवा, पानी और भ्रष्टाचार मुक्त नगरीय व्यवस्था पर जोर
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर-स्मार्ट हलचल|राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को अपना घोषणा-पत्र जारी किया। पार्टी ने घोषणा-पत्र में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के साथ स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी, बेहतर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण मुक्त शहर और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने का वादा किया है। पार्टी ने स्थानीय निकायों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने को प्राथमिकता देने की बात कही।
आप राजस्थान के प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि स्थानीय निकायों के चुनाव सीधे आमजन के दैनिक जीवन से जुड़े हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, सड़क, फुटपाथ, सार्वजनिक परिवहन, पेयजल, पार्किंग, निर्माण अनुमति और शहर की योजना जैसी मूलभूत सुविधाएं नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के कामकाज से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण स्थानीय निकाय जनता को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल रहे हैं।
पार्टी के सह प्रभारी घनेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि शहरों की योजना दूरदर्शी तरीके से नहीं बनने के कारण अतिक्रमण, अनियोजित निर्माण और प्रदूषण जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि शहरों को कंक्रीट के जंगल और प्रदूषण के केंद्र बनने से रोकने के लिए सुनियोजित विकास की जरूरत है। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने पर इन समस्याओं के समाधान का दावा किया।
चुनाव प्रभारी देवेन्द्र शास्त्री ने बताया कि घोषणा-पत्र में शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सफाई व्यवस्था को प्रमुखता दी गई है। नगर निकायों के अधीन शिक्षा व्यवस्था में बेहतर आधारभूत सुविधाओं, आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं, कौशल विकास और रोजगार मार्गदर्शन पर जोर देने की बात कही गई है। उनका कहना है कि बच्चों को जागरूक और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
देवेन्द्र शास्त्री ने कहा कि स्थानीय निकायों में भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी परेशान होना पड़ता है। पार्टी का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था स्थापित करना है, जिसमें बिना रिश्वत के लोगों के काम आसानी से और पारदर्शी तरीके से हो सकें। उन्होंने कहा कि जहां भी पार्टी को नगर निगम, नगर परिषद या नगर पालिका की जिम्मेदारी मिलेगी, वहां भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकाय का उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।
घोषणा-पत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत मोहल्ला क्लीनिक की योजना लागू करने, आधुनिक मशीनरी और तकनीक के माध्यम से सफाई व्यवस्था बेहतर करने तथा सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के साथ यातायात और जाम की समस्या कम करने पर भी जोर दिया गया है।
प्रदूषण कम करने के लिए प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का उसी दिन निस्तारण, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के उपाय और खुली बिजली की तारों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत करने की दिशा में काम करने का वादा किया गया है। वहीं निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने तथा शहर की जरूरत और भविष्य के नियोजित विकास को ध्यान में रखते हुए नियम तैयार करने की बात कही गई है।
देवेन्द्र शास्त्री ने भाजपा और कांग्रेस पर राजनीतिक मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी राजस्थान में एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच के रूप में जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि जयपुर सहित बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों में भी पार्टी मजबूत विकल्प के रूप में चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा कि जयपुर नगर निगम सहित विभिन्न निकाय क्षेत्रों में पार्टी की कोशिश शिक्षित, योग्य, ईमानदार और स्थानीय समस्याओं की समझ रखने वाले लोगों को प्रत्याशी बनाने की है, ताकि चुने गए प्रतिनिधि केवल चुनाव तक सीमित न रहें, बल्कि अपने वार्ड और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए काम करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सचिव जुगल किशोर शर्मा, जिला अध्यक्ष अमित दाधीच, वार्ड 54 की पार्षद प्रत्याशी संगीता गौड़ सहित प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य मौजूद रहे।
