तेरहवीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे दंपती और बेटी, पति-पुत्री गंभीर घायल; कानपुर रेफर
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के बसवा गांव में गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दंपती और उनकी बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वंदना देवी (48) की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति चंद्रशेखर (52) और बेटी अनीता (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
थरियांव थाना क्षेत्र के कोर्रा शहादत गांव निवासी चंद्रशेखर अपनी पत्नी वंदना देवी और बेटी अनीता के साथ बाइक से बसवा गांव में आयोजित तेरहवीं संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया कि बसवा गांव में पूर्व प्रधान गांधी के ट्यूबवेल के पास मोड़ पर पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रैक्टर के अगले हिस्से में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। हादसे में वंदना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं चंद्रशेखर और अनीता गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भी हालत चिंताजनक देखते हुए दोनों को कानपुर रेफर कर दिया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।
वंदना देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से गांव में भी मातम पसर गया।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
