नाम वापसी के आखिरी दिन 86 प्रत्याशियों ने खींचे नाम

ब्यावर नगर परिषद चुनाव में 100 प्रत्याशी मैदान से बाहर, अब साफ हुई चुनावी तस्वीर

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव-2026 के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। नाम वापसी के अंतिम दिन 3 सितंबर को 86 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिए। इससे पहले 2 सितंबर को 14 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए थे। इस प्रकार नाम वापसी की अवधि में कुल 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान से बाहर हो गए।नाम वापसी के बाद अब ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन वापस लेने वालों में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के साथ बागी और निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल रहे। कई वार्डों में नाम वापसी के बाद मुकाबला सीमित प्रत्याशियों के बीच रह गया है, जबकि कुछ वार्डों में बहुकोणीय मुकाबला बना हुआ है।

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन विभाग ने चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी है। अब प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव प्रचार अभियान भी तेज होगा और वार्डों में राजनीतिक गतिविधियां जोर पकड़ेंगी।