गुरु का मान, मतदान का सम्मान थीम पर निकाली मतदाता जागरूकता रैली

 

शिक्षक सम्मान के साथ दिया मतदान का संदेश, निकाय चुनाव में मतदान का लिया संकल्प

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/मसूदा। स्मार्ट हलचल|शिक्षक दिवस के अवसर पर स्वीप गतिविधियों के तहत शनिवार को “गुरु का मान, मतदान का सम्मान” थीम पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली का आयोजन किया गया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) मसूदा श्रीमती दीपशिखा कालवी, स्वीप प्रभारी सुश्री हेमलता शर्मा एवं स्वीप प्रकोष्ठ समन्वयक आसिफ पठान के निर्देशन में राजकीय महाविद्यालय एवं राजकीय आईटीआई मसूदा में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस दौरान शिक्षकों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए आगामी निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान करने का संदेश दिया गया। साथ ही उपस्थितजनों ने आगामी निकाय चुनाव में मतदान करने का संकल्प लिया।