ट्रक-ट्रेलरों से डीजल-बैटरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 

30 लीटर डीजल व स्टार्टर बैटरी बरामद, सोलर प्लेट चोरी समेत अन्य वारदातों से भी जुड़े तार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|आनंदपुर कालू थाना क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के पास होटल पार्किंग में खड़े ट्रक-ट्रेलरों से डीजल व बैटरी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 30 लीटर चोरी का डीजल और एक स्टार्टर बैटरी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 28 अगस्त की मध्यरात्रि पार्किंग में खड़े ट्रक-ट्रेलरों से बैटरी व डीजल चोरी होने की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया के निर्देशन तथा जैतारण वृत्ताधिकारी रमेन्द्रसिंह हाड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी गणपतराम के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछताछ के बाद चन्द्राराम (40) निवासी टुंकड़ा और देवाराम (30) निवासी टुंकड़ा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों की वारदात में संलिप्तता सामने आई। उनकी निशानदेही पर चोरी का डीजल और स्टार्टर बैटरी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में प्रकरण संख्या 101/2026 में सोलर प्लेट चोरी सहित अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस अब इन वारदातों में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और शेष चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।