गढ़वाल मंडल में विकास कार्यों की सचिव ने ली समीक्षा, बोले- घोषणाएं समय पर पूरी हों, शिकायतों का तुरंत करें समाधान

कोटा

अधिकारियों को क्षेत्र में रात्रि विश्राम की सलाह; गड्ढामुक्त सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और पर्यटन परियोजनाओं पर विशेष फोकस

पौड़ी।स्मार्ट हलचल|गढ़वाल मंडल में विकास योजनाओं की रफ्तार और शासन की प्राथमिकताओं को लेकर संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने मंडल और जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। विकास भवन सभागार में हुई बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा करने, लंबित जनशिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।सचिव ने कहा कि विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि योजनाओं का लाभ धरातल पर पात्र लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने सभी विभागीय कार्यालयों के नामपट्ट संस्कृत भाषा में भी अंकित कराने के निर्देश दिए।

जनता के बीच पहुंचे अधिकारी, क्षेत्र में रात भी रुकें

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए सचिव ने लंबित शिकायतों पर लगातार निगरानी रखने और जिन विभागों में शिकायतों की संख्या अधिक है, वहां प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। सीडीओ अशोक जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी प्रत्येक सोमवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हैं।

सचिव ने जनता दरबार और चौपाल को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रुकने से अधिकारियों को स्थानीय समस्याओं और ग्रामीणों की वास्तविक परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। अधीनस्थ कार्यालयों के नियमित निरीक्षण और सरकारी कामकाज में ई-ऑफिस व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

सितंबर से शुरू होगा जनगणना प्रशिक्षण

जनगणना की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सचिव ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण जल्द शुरू होगा। इसके लिए सितंबर से प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी।

पिरूल, फूल और बेडू के उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में ग्रामीण उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि पिरूल एवं फूलों से तैयार उत्पाद, बेडू आधारित उत्पाद समेत अन्य ग्रामीण उत्पादों को पर्यटन विभाग के सहयोग से होमस्टे और होटलों तक पहुंचाया जा रहा है।

सचिव ने इन उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने के लिए पर्यटन क्षेत्र के साथ समन्वय और मजबूत करने के निर्देश दिए।

सब्सिडी में अटके मामलों का समाधान करें बैंक और विभाग

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की समीक्षा में सचिव ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि जिन उद्यमियों को कैपिटल सब्सिडी मिल चुकी है, लेकिन इंटरेस्ट सब्सिडी में परेशानी आ रही है, उनके मामलों का संबंधित बैंकों और विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान किया जाए।

उन्होंने बताया कि जिले में उद्यमिता जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं तथा निर्यात हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है।

नर्सिंग और विदेशी भाषा में शुरू होगा प्रशिक्षण

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की समीक्षा में सचिव ने कौशल विकास केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में नर्सिंग और विदेशी भाषा के क्षेत्र में प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।

पर्यटन विभाग की समीक्षा में सतपुली झील परियोजना को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। पर्यटन, होमस्टे और होटल व्यवसाय से जुड़े लंबित सब्सिडी प्रकरणों का भी बैंकों के साथ समन्वय कर शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया।

नए पर्यटन स्थलों के लिए बनाई जाएंगी पेयजल योजनाएं

पर्वतीय क्षेत्रों में नए पर्यटन स्थलों के विकास के साथ बढ़ रही पेयजल जरूरतों को देखते हुए सचिव ने नई पेयजल योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों के साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी फायदा मिलेगा।

चमोली में पीपलकोटी से कौड़िया राष्ट्रीय मोटरमार्ग पर सीवर लाइन बिछाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए।

कृषि में तीन मॉडल प्रोजेक्ट, दूसरे ब्लॉकों में भी बनेगी योजना

कृषि विभाग ने बताया कि पौड़ी, द्वारीखाल और जयहरीखाल विकासखंडों में विभिन्न विभागों के सहयोग से एकीकृत कृषि मॉडल के तीन प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं। सचिव ने अन्य विकासखंडों में भी इसी तर्ज पर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उद्यान विभाग ने कीवी, एप्पल और ड्रैगन फ्रूट मिशन की प्रगति बताई। लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना की भी समीक्षा की गई।

गड्ढामुक्त सड़क और बिजली व्यवस्था पर निगरानी

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि गड्ढामुक्त सड़कें विभाग की प्राथमिकता हैं और पैच मरम्मत सहित आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। सचिव ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को नई परियोजनाओं की विद्युत जरूरत समय पर पूरी करने, ट्रांसफॉर्मर लगाने से जुड़े कार्य समय पर कराने और संबंधित स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और टीबी मुक्त अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई। निजी अस्पतालों के प्रबंधकों के साथ समन्वय कर जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है, वहां सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

विद्यालयों में बालिकाओं और महिला स्टाफ के लिए शौचालयों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पीएम पोषण योजना की प्रगति देखी गई। सितंबर में पोषण माह के तहत जागरुकता अभियान चलाए जाएंगे।

साइबर फ्रॉड और नशे के खिलाफ अभियान तेज

अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए विभागीय अधिकारियों के प्रशिक्षण के साथ स्कूल-कॉलेजों में जागरुकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। साइबर हेल्पलाइन 1930 का प्रचार किया जा रहा है।

नशे के खिलाफ अभियान में मेडिकल स्टोरों की जांच, अवैध बिक्री और तस्करी पर कार्रवाई के साथ बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई है। स्कूलों में 18 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों में नशीले पदार्थों के सेवन की जांच और जागरुकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

बैठक में सचिव ने सभी विभागों को सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार और नए माध्यमों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *