बूंदी -स्मार्ट हलचल|जिले को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग इन्द्रगढ़-लाखेरी-बूंदी रोड पर खटकड़ के पास मेज नदी पर स्वीकृत हाई लेवल ब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। समाजसेवी मूलचंद शर्मा ने बताया कि इस पुलिया के निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है वर्तमान में पिल्लर निर्माण की जगह खुदाई का कार्य किया जा रहा है। भविष्य में पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण होने पर इस सड़क मार्ग से निकलने वालों को वर्षाकाल में रास्ता अवरुद्ध होने की समस्या से नहीं गुजरना पड़ेगा। गौरतलब है कि इस पुल के लिए राज्य सरकार ने 24.63 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की थी। यह स्वीकृति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से राज्य बजट में शामिल किए जाने के बाद मिली थी। वर्तमान में मेज नदी पर बना पुल आजादी से पूर्व का है, जो पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बरसात के दिनों में पुलिया के डूब जाने से केशवरायपाटन, नैनवां, देई, उनियारा, बिजौलिया, बूंदी, लाखेरी और इंद्रगढ़ जैसे कस्बों का संपर्क पूरी तरह टूट जाता था।
नया उच्च स्तरीय पुल बनने से स्टेट हाईवे 34 और 29 पर आवागमन सुगम होगा और व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

