आशापुरा माता मंदिर में गूंजा ‘नंद के आनंद भयो’, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

ब्यावर

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|उदयपुर रोड स्थित आशापुरा माता धाम में रविवार को आशापुरा माता मंदिर न्यास के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य नंद उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मातृशक्ति के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी, पुष्पों एवं धार्मिक सजावट से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनोहारी झांकी एवं विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
के. सुदामा भजन मंडल के भागचंद चौहान एवं साथियों ने भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। गणपति वंदना के साथ शुरू हुए भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष गूंजते रहे।
नंद उत्सव के दौरान बच्चों को खिलौनों का प्रसाद स्वरूप वितरण किया गया। खिलौने पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्रीकृष्ण एवं आशापुरा माता की विधिवत महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि नंद उत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियों को सामूहिक रूप से मनाने के साथ समाज में भक्ति, संस्कार एवं पारिवारिक एकता की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में मातृशक्ति, बच्चों सहित विभिन्न आयु वर्ग के श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *