कोट गांव में सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी, ग्रामीणों ने पकड़ा ट्रक

अजुहा मंडी ले जाने की थी तैयारी, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो; जांच की मांग

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर धाता ब्लॉक के कोट गांव में उपभोक्ताओं के हक के सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह राशन लदा ट्रक गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर वीडियो बना लिया। आरोप है कि सरकारी अनाज को एक मंडी व्यापारी के हाथों बेचकर अजुहा मंडी ले जाने की तैयारी थी।ग्रामीणों के मुताबिक राशन धाता मंडी से ट्रक में लादकर कोट गांव लाया गया था। गांव में कथित तौर पर अनाज का सौदा किए जाने के दौरान ग्रामीणों ने ट्रक पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अखबार वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से राशन की कालाबाजारी का खेल चल रहा है और गरीब उपभोक्ताओं के हक का अनाज बाजार में खपाया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी से मामले की जांच कर ट्रक, व्यापारी और संबंधित कोटेदार की भूमिका की जांच तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।