पंकज पोरवाल
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की मौजूदगी में मतदान केन्द्रों के लिए ईवीएम का रेंडमाइजेशन सम्पन्न
नगर निगम समेत छह नगर पालिकाओं में मतदान केन्द्रवार आवंटन तय, खराब मशीनें हटाकर रिजर्व ईवीएम भी की गईं शामिल
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों में अब ईवीएम की तैनाती का चरण भी पूरा होने लगा है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू बनाने की दिशा में मतदान केन्द्रों पर कौन-सी ईवीएम पहुंचेगी, इसका फैसला सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुए रेंडमाइजेशन में कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की मौजूदगी में हुए द्वितीय (प्रथम) रेंडमाइजेशन में नगर निगम भीलवाड़ा सहित जिले की छह नगर पालिकाओं के लिए मतदान केन्द्रवार ईवीएम का आवंटन किया गया। यह प्रक्रिया नगर निगम भीलवाड़ा के साथ ही जिले की नगर पालिका गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, बीगोद एवं मांडलगढ़ के लिए की गई। इससे पूर्व 2 सितंबर को ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन सम्पन्न कर नगर पालिका वार आवंटित ईवीएम संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई थीं। इसके बाद 4 सितंबर को द्वितीय रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया के तहत मतदान केन्द्रवार ईवीएम आवंटन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी कारणों से खराब पाई गई ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग करते हुए उनके स्थान पर उपलब्ध रिजर्व ईवीएम का भी नियमानुसार रेंडमाइजेशन किया गया, ताकि मतदान के लिए आवश्यक संख्या में सुचारू एवं त्रुटिरहित ईवीएम उपलब्ध रहें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम के आवंटन, तैयारी एवं मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री हरीतिमा एडीएम सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया, निर्वाचन विभाग से कैलाश व्यास सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।