फिजियोथेरेपी शिविर में 100 से अधिक लोगों की जांच, स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

न्यूरोलॉजी, कार्डियो-रेस्पिरेटरी, ऑर्थोपेडिक, पीडियाट्रिक और महिला स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञों ने दी सलाह

कोटा। स्मार्ट हलचल|हाड़ौती फिजियोथेरेपी प्रोफेशनल ग्रुप की ओर से श्रीनाथपुरम स्टेडियम में बहु-विशेषज्ञता फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्टों ने विभिन्न शारीरिक समस्याओं की प्रारंभिक जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।शिविर में फिजियोथेरेपी की पांच प्रमुख विशेषज्ञताओं के तहत सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें ऑर्थोपेडिक फिजियोथेरेपी के अंतर्गत हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों से संबंधित समस्याएं, न्यूरोलॉजिकल फिजियोथेरेपी में तंत्रिका तंत्र से जुड़ी परेशानियां, कार्डियो-रेस्पिरेटरी फिजियोथेरेपी में हृदय एवं श्वसन संबंधी समस्याएं, पीडियाट्रिक फिजियोथेरेपी में बच्चों से जुड़ी शारीरिक समस्याएं तथा महिला स्वास्थ्य एवं प्रसूति फिजियोथेरेपी के अंतर्गत महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर विशेषज्ञों ने परामर्श दिया।

शिविर में मुद्रा एवं शारीरिक संतुलन की जांच के साथ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने एरोबिक्स, जुंबा और अन्य फिटनेस गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञों ने नियमित शारीरिक सक्रियता, सही मुद्रा और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर नए सदस्यों तथा जेन-जी और मिलेनियम पीढ़ी के फिजियोथेरेपिस्ट सदस्यों के बीच टॉक शो आयोजित किया गया। संवाद के दौरान स्वास्थ्य, जीवनशैली और बदलती पीढ़ियों के बीच बेहतर सामंजस्य जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में ग्रुप के 200 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।