ब्यावर, विजयनगर और मसूदा के 198 बूथों पर ड्यूटी संभालेंगे मतदान दल
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान को लेकर मंगलवार को जिले के तीन नगरीय निकायों के लिए मतदान दल रवाना किए गए। ब्यावर नगर परिषद सहित विजयनगर और मसूदा नगरपालिकाओं के कुल 198 मतदान केन्द्रों पर बुधवार को मतदान होगा।
ब्यावर नगर परिषद के लिए नियुक्त 138 मतदान दलों को राजकीय कन्या महाविद्यालय से जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देशन में रवाना किया गया। वहीं विजयनगर व मसूदा के मतदान दलों को संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों से मतदान केन्द्रों के लिए भेजा गया। मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षण और परिवहन की व्यवस्था की गई।
रवानगी के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित की जाए और सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं निष्पक्षता से करें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।