ओम जैन
शंभूपुरा। स्मार्ट हलचल|दूध के उचित एवं लाभकारी मूल्य की मांग को लेकर मंगलवार को कई गांवों से सर्व समाज के किसान एवं पशुपालको द्वारा जिला कलेक्टर कार्यालय, चित्तौड़गढ़ में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर सामूहिक ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में किसानों एवं पशुपालकों ने बताया कि वर्तमान समय में पशु आहार, चारा, दाना, खल-कपास्या, पशु दवाइयों एवं पशुपालन से जुड़ी अन्य लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके बावजूद दूध के मूल्य में लागत के अनुरूप वृद्धि नहीं होने से पशुपालकों के सामने आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।
किसानों ने मांग की कि दूध के वर्तमान खरीद मूल्य में उचित एवं लाभकारी वृद्धि की जाए तथा दूध के भाव का निर्धारण पशुपालन की बढ़ती लागत को ध्यान में रखकर किया जाए। साथ ही दूध के FAT/SNF के आधार पर पारदर्शी एवं उचित भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
इसके पश्चात सर्व समाज के प्रतिनिधियों द्वारा चित्तौड़गढ़ सरस डेयरी में भी ज्ञापन प्रस्तुत कर दूध उत्पादक किसानों की समस्याओं एवं उचित दूध मूल्य की मांग से अवगत कराया गया।
इस दोरान उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं है, बल्कि दूध उत्पादक किसानों को उनकी मेहनत एवं लागत के अनुरूप उचित मूल्य दिलाना है। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित दुग्ध संघ से किसानों की मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।