लावारिस कार से 110 किलो डोडा पोस्त बरामद

 

मसूदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार सहित अलग-अलग नंबरों की 10 प्लेटें जब्त

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/मसूदा।स्मार्ट हलचल|नगर निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर कानून व्यवस्था एवं गश्त के दौरान मसूदा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़ियों में लावारिस खड़ी कार से 110 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम डोडा पोस्त डंठल बरामद किया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ कार तथा अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबरों की कुल 10 नंबर प्लेटें भी जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को थानाधिकारी विजय सिंह मीना मय जाप्ता गश्त एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मसूदा के पास एक दुर्घटनाग्रस्त कार लावारिस हालत में खड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मेडतिया पेट्रोल पंप से पूर्व गणपति इलेक्ट्रिक के पास गली में झाड़ियों के बीच कार खड़ी मिली। कार का पिछला शीशा टूटा हुआ था तथा अंदर कुछ कट्टे दिखाई दे रहे थे, जिन पर काला कपड़ा डाल रखा था।
कार की तलाशी लेने पर 8 कट्टों में कुल 110 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम डोडा पोस्त डंठल मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर कार को भी कब्जे में लिया। कार में अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबरों की कुल 10 नंबर प्लेटें भी बरामद हुईं। मामले में वाहन चालक व सवार अज्ञात हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृती उज्जैनियां एवं वृत्ताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी विजय सिंह मीना के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी विजय सिंह मीना, सउनि तेजमल, हैड कांस्टेबल बलबीर सिंह (07), हैड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण (56), हैड कांस्टेबल देशराज (76), कांस्टेबल महेन्द्र सिंह (691), कांस्टेबल विक्रम (722), कांस्टेबल अशोक (614), कांस्टेबल दिनेश (693) एवं कांस्टेबल विष्णु (587) शामिल रहे।